Press release

सर्वोच्च न्यायालय का एनटीए को नीट यूजी का परिणाम वेबसाईट पर सार्वजनिक करने का आदेश स्वागत योग्य, अभाविप ने भी की थी माँग।

July 19, 2024

                                                                                                      दि. 19 जुलाई 2024  

-:प्रेस विज्ञप्ति:-

सर्वोच्च न्यायालय का एनटीए को नीट-यूजी का परिणाम वेबसाईट पर सार्वजनिक करने का आदेश स्वागत योग्य, अभाविप ने भी की थी माँग।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को नीट-यूजी का परीक्षा परिणाम शहर तथा परीक्षा केन्द्र के अनुसार अलग-अलग जारी करने संबंधी आदेश का स्वागत करती है, बीते 15 जून को दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री को मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने भी यह माँग रखी थी।

05 मई 2024 को नीट-यूजी परीक्षा के आयोजन के बाद से ही छात्रों के मन में उठ रहे विभिन्न संदेहों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने उसी दिन यह माँग की थी छात्रों के जो प्रश्न हैं, उनपर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी तुरंत कार्रवाई करे। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की अक्षमता तथा कुप्रबंधन ने लाखों विद्यार्थियों का भविष्य अधर में लटका दिया है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद माँग करती है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए अतिशीघ्र कदम उठाए जाएं जिससे आगामी महीनों में आयोजित होने के लिए प्रस्तावित यूजीसी-नेट, पीएचडी प्रवेश परीक्षा सहित विभिन्न परीक्षाओं का आयोजन बिना किसी त्रुटि के पारदर्शी ढंग से हो।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का नीट-यूजी के संदर्भ में छात्रों की पहचान गुप्त रखते हुए परीक्षा परिणाम वेबसाईट पर प्रकाशित करने संबंधी आदेश महत्वपूर्ण है। आशा है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय से नीट-यूजी के संबंध में सभी याचिकाओं का निस्तारण अतिशीघ्र होगा। वर्तमान में पेपरलीक, पारदर्शिता-शुचिता पर उठ रहे प्रश्न, कुप्रबंधन जैसी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्रता से प्रयास हों।

(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री दिगम्बर पवार द्वारा जारी की गई है)