Press release

राजौरी में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान वीरगति प्राप्त भारतीय सेना के जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि।

November 25, 2023

दि. 24 नवंबर 2023

-:प्रेस विज्ञप्ति:-

राजौरी में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान वीरगति प्राप्त भारतीय सेना के जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि।

राजौरी में आतंकी कुत्सित प्रयास निंदनीय, आतंकियों पर कड़ी कार्रवाई हो सुनिश्चित: अभाविप।

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए भारतीय सेना के जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा भारतीय जवानों के परिवारजन के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। पाकिस्तान पोषित आतंकी संगठनों द्वारा भारतीय सीमा में आतंक फैलाने के प्रयास अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण तथा निंदनीय हैं, भारत सरकार को इस तरह की गतिविधियों के समूल उन्मूलन के लिए कड़े कदम उठाने होंगे।

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में पाकिस्तानी आतंकी संगठन द्वारा प्रशिक्षण प्राप्त आतंकियों से भारतीय सेना के जवानों की मुठभेड़ में दो-कैप्टन सहित 5 जवान वीरगति को प्राप्त हुए हैं, वीरगति प्राप्त जवानों में कर्नाटक के मंगलोर के निवासी कैप्टन एम वी प्रांजल (63 राष्ट्रीय राइफल्स), उत्तर प्रदेश के आगरा के निवासी कैप्टन शुभम गुप्ता (9 पैरा), जम्मू-कश्मीर के पुंछ के निवासी हवलदार अब्दुल माजिद, उत्तराखंड के नैनीताल रहने वाले लांस नायक संजय बिष्ट और उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के पैराट्रूपर सचिन लौर हैं। मुठभेड़ में भारत की रक्षा करते हुए वीरगति को प्राप्त हुए जवान सचिन लौर 16 दिनों बाद वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने जा रहे थे।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री श्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि,"विद्यार्थी परिषद, वीरगति प्राप्त हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करती है तथा भारत माता के इन वीर सपूतों के परिवारजन के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। भारत एक ओर जहां विभिन्न प्रयासों द्वारा मानवता, वैश्विक शांति आदि के लिए सतत् प्रयासरत है, वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान लगातार आतंकियों को पोषित कर रहा है। पाकिस्तान पोषित आतंकी संगठनों के सम्पूर्ण निपटारे के लिए कड़ी कार्रवाई करनी होगी।"

_______________________________________________________________________________________________________________________

(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री दिगंबर पवार द्वारा जारी की गयी है।)