Press release

अभाविप ने नीट- यूजी परीक्षा मामले में सीबीआई जांच के निर्णय का किया स्वागत, प्रारंभ से ही अभाविप कर रहा था सीबीआई जांच की मांग

June 23, 2024

दि. 23 जून 2024  

-:प्रेस विज्ञप्ति:-

अभाविप ने नीट- यूजी परीक्षा मामले में सीबीआई जांच के निर्णय का किया स्वागत, प्रारंभ से ही अभाविप कर रहा था सीबीआई  जांच की मांग

शिक्षा संबंधी अनियमितता, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, यह किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है : याज्ञवल्क्य शुक्ल

 

हाल ही में नीट-यूजी की परीक्षा में अनियमितता के चलते विद्यार्थी परिषद ने एनटीए के विरुद्ध आंदोलन करते हुए पूरे देश में मोर्चा खोल दिया था और मामले में किसी के लिए भी कोई भी रियायत न बरतने की मांग के साथ ही इस विषय में सीबीआई जांच की प्रमुखता से मांग रखी थी। इस संबंध में आज शिक्षा मंत्रालय द्वारा सीबीआई जांच करने का निर्णय आया है जिसका अभाविप स्वागत करती है। अभाविप का मत है कि परीक्षाओं के सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की अनियमितता छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे अभाविप कदापि स्वीकार्य नहीं करेगी, इस प्रकरण में जिम्मेदार व्यक्तियों या संस्थाओं के विरुद्ध निष्पक्ष रूप से सख्ती से कदम उठाया जाना चाहिए।

ध्यातव्य है कि पिछले माह नीट-यूजी की परीक्षा में हुई अनियमितता ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था जिसके खिलाफ विद्यार्थी परिषद ने एनटीए के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया था। पिछले कुछ वर्षों में परीक्षाओं में आ रही अनियमितता को लेकर अभाविप चिंता व्यक्त करती रही है एवं इस संबंध में कई बार एनटीए के विरुद्ध प्रदर्शन कर इन अनियमितताओं को दूर करने की मांग भी करती रही है। इसी क्रम में जून 7–9 में सूरत में आयोजित अभाविप की NEC बैठक में परीक्षाओं संबंधी विषयों पर चर्चा के माध्यम से प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस प्रस्ताव में केंद्रीय एवं राज्य स्तर पर आयोजित परीक्षाओं में, नकल, पेपर लीक, भ्रष्टाचार, एवं उत्तरपुस्तिकाओं की जांच में उदासीनता आदि महत्वपूर्ण समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए, लोक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) विधेयक, 2024 के अक्षरशः पालन करने हेतु स्वायत्त एवं स्वतंत्र केंद्रीय जांच एजेंसी बनाने की दिशा में उचित कदम उठाया जाए, ऐसी मांग करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया था, जिससे परीक्षाएं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें। साथ ही प्रस्ताव में यह भी मांग रखी गई थी कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शासकीय संस्थानों को केंद्र बनाकर नियमित कर्मचारियों के द्वारा परीक्षाएं संपन्न कराई जाए और दोषी परीक्षा एजेंसियों को चिन्हित कर उनको काली सूची में जोड़ा जाएं जिससे उनके द्वारा भविष्य में इस तरह छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न किया जा सके।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा, "पिछले कुछ समय से केंद्र एवं राज्य परीक्षाओं में पेपर लीक एवं अनियमितताएं चिंताजनक हैं। इससे मेधावी एवं छात्रों का भविष्य संकट में आ रहा है। जिसको लेकर लंबे समय से अभाविप एनटीए की कार्य प्रणाली का विरोध करते हुए सुधार की मांग करती रही है। शिक्षा संबंधी अनियमितता, छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और यह अस्वीकार्य है  अभाविप नीट यूजी परीक्षा के मामले में प्रारंभ से सीबीआई द्वारा जांच की मांग कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा सीबीआई जांच कराने के फैसले का हम स्वागत करते हैं। केंद्र सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि केंद्र एवं राज्य स्तर पर आयोजित किसी भी परीक्षाओं में किसी भी स्तर पर अनुचित प्रयोग एवं अनियमितता न होने पाए और इसके लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।"

(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री दिगम्बर पवार द्वारा जारी की गई है)